हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर महेंद्रगढ़ में जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान एक गांव को उप तहसील का दर्जा देने पर दूसरे गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिसकी वजह से मुख्यमंत्री को 4 घंटे तक हाउस अरेस्ट रखा गया.
हरियाणा के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने महेंद्रगढ़ में तीन दिवसीय जनसंवाद कार्यक्रम में शिरकत की. शुक्रवार को जनसंवाद का अंतिम कार्यक्रम गांव सीमहा में था. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने गांव को उप तहसील के दर्जा देने की मांग कर दी तो सीएम ने प्रोग्राम के बाद प्रेसवार्ता की और गांव सीमहा को उप तहसील का दर्जा देने का ऐलान कर दिया.
ग्रामीण करने लगे विरोध
इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री को गांव दोंगडा में रात्रि विश्राम करना था. ग्रामीणों को उ्म्मीद थी कि गांव को कुछ अच्छा मिलेगा क्योकि प्रदेश का मुखिया जो गांव में आ रहे है. लेकिन जैसे ही गांव वालों को ये पता लगा कि गांव सीमहा को उप तहसील के दर्जा दे दिया तो उन्होंने मुख्यमंत्री के स्वागत का बहिष्कार कर दिया और रात को ही मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरु कर दी. पूरा गांव महिलाओं और बच्चों के साथ उस घर के सामने आकर एकत्र हो गया जहां सीएम रुके हुए थे. नारेबाजी कर रहे लोगों को पुलिस ने खूब समझाया लेकिन वो नहीं माने.
इस दौरान अटेली के विधायक सीताराम वहां पहुंचे और लोगों से बात करने लगे, लेकिन गांव वालों ने विधायक जी को भी आड़े हाथों ले लिया और उनके खिलाफ भी नारेबाजी करने लगे. वहीं पूर्व शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा आये तो उनके खिलाफ भी जमकर नारेबाजी कर दी. देखते ही देखते स्थिति रात से सुबह तक तनावपूर्ण हो गई और पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया. ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक को भी भगा दिया और जिस घर में सीएम ठहरे हुए थे उसे भी घेर लिया.

Comments
Post a Comment